कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार और आपराधिक मामलों में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेताओं को पुलिस हिरासत के दौरान सड़क पर घुमाए जाने की तस्वीरें अब आम हो चुकी हैं। किसी की कमर में रस्सी तो किसी को हाफपैंट-बनियान में जनता के सामने से ले जाया जाता है। अब इस सूची में भांगड़ विस्फोट के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक और कैनिंग पूर्व के पूर्व टीएमसी विधायक शौकत मोल्ला का नाम भी जुड़ गया है।
गुरुवार दोपहर को जब जीवनतला थाना पुलिस शौकत मोल्ला को सुरक्षा घेरे में लेकर जीवनतला बाजार पहुंची, तो वहां मौजूद भीड़ ने चुनाव के दौरान वायरल हुआ मशहूर गाना 'शौकत तो माछ चोर' (शौकत तो मछली चोर है) बजाना शुरू कर दिया। हालांकि, पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह कोई सजा नहीं, बल्कि अपराध स्थल का पुनर्गठन (Reconstruction) करने की एक प्रक्रिया थी।
चुनाव में भांगड़ से हारने के बाद शौकत को पहले एनआईए ने एक विस्फोट मामले में गिरफ्तार किया था, और बाद में एक दुष्कर्म मामले में जीवनतला पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। जैसे ही पुलिस उन्हें लेकर सड़क पर निकली, जनता ने गाना बजाकर और नारेबाजी कर अपना गुस्सा जाहिर किया। इस दौरान स्थानीय भाजपा नेता ओलिरुल पियादा ने राहगीरों और गाड़ी चालकों को मिठाई बांटकर अपनी खुशी जताई।

0 Comments