विधानसभा में TMC के दोनों गुट आमने- सामने, मार्शल ने TMC MLA कुणाल घोष को उठाकर बाहर निकाला

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा में गृह विभाग के बजट पर चर्चा के दौरान जोरदार हंगामा देखने को मिला। 21 जुलाई की सभाओं के अगले ही दिन विधानसभा के भीतर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। चर्चा के दौरान विरोधी दल के मुख्य सचेतक अखरुज्जमान जैसे ही भाषण देने खड़े हुए, कालीघाट गुट के विधायक कुणाल घोष उनके आसन के पास पहुंचकर विरोध जताने लगे। कुणाल घोष का आरोप था कि सूची से उनका नाम काटा जा रहा है।

स्पीकर रथींद्र बोस के बार-बार अनुरोध और चेतावनी के बावजूद जब कुणाल घोष अपनी सीट पर नहीं लौटे, तो स्पीकर ने मार्शलों को उन्हें बाहर निकालने का निर्देश दिया। इसके बाद सदन में भारी धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई। इस गहमागहमी में कुणाल घोष सदन के फर्श पर गिर पड़े, जिसके बाद मार्शलों ने उन्हें गोद में उठाकर विधानसभा कक्ष से बाहर कर दिया। इस घटना के विरोध में कालीघाट तृणमूल के अन्य विधायकों ने भी सदन से वाकआउट किया।

घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कुणाल का नाम लिए बिना उनके आचरण की निंदा की और इसे बदतमीजी की सीमा पार करना बताया। हालांकि, तापस रॉय द्वारा कुणाल को पूरे सत्र के लिए निलंबित करने के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने दखल देते हुए कहा कि उन्हें केवल आज के लिए निलंबित किया जाए, ताकि उन्हें बेवजह प्रसिद्ध होने का मौका न मिले।

Post a Comment

0 Comments