पूर्व बर्दवान :- पूर्व बर्दवान से गिरफ्तार जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी हामिम मंडल के डिजिटल डेटा विश्लेषण के आधार पर राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने उसकी करीबी सहयोगी अर्पिता सरकार को झारखंड के साहिबगंज से गिरफ्तार किया है। शनिवार को कड़े सुरक्षा घेरे के बीच उसे बर्धमान जिला अदालत में पेश किया गया, जहाँ से अदालत ने उसे 13 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
पेशे से फोटोग्राफर और एक निजी इवेंट मैनेजमेंट कंपनी चलाने वाली अर्पिता पर आरोप है कि वह अपने पेशे का इस्तेमाल प्रभावशाली नेताओं और वीवीआईपी हस्तियों तक पहुँच बनाने के लिए करती थी। अब ये सभी संभावित संपर्क जांच के दायरे में आ गए हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, पाकिस्तान से हनीट्रैप के जरिए महत्वपूर्ण हस्तियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां जुटाने के निर्देश उस तक पहुँचते थे।
इस पूरी साजिश में अर्पिता अपने 'iPhone 16 Pro' में Matrix Protocol पर आधारित एनक्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप 'Element X' का इस्तेमाल करती थी। एसटीएफ अधिकारी फिलहाल उसके मोबाइल के डिजिटल डेटा को खंगाल रहे हैं ताकि इस ऐप के जरिए की गई बातचीत, उसके संपर्कों और छिपे हुए मकसद का पूरी तरह से पर्दाफाश किया जा सके। 13 दिनों की रिमांड के दौरान पूछताछ से इस आतंकी नेटवर्क के कई और गहरे राज खुलने की संभावना है।



0 Comments