बांग्लादेश तस्करी से पहले 133 एंड्रॉइड मोबाइल ज़ब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

मुर्शिदाबाद :- सीमा पार बांग्लादेश में तस्करी किए जाने से पहले मुर्शिदाबाद जिले की फराक्का थाना पुलिस ने मोबाइल फोन की एक बड़ी खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने फराक्का स्थित नेताजी सेतु के पास से 133 महंगे एंड्रॉइड स्मार्टफोन ज़ब्त किए हैं। इस सिलसिले में मसादुल रहमान (26) नामक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है, जो मुर्शिदाबाद के समशेरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हिजलताला गांव का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नेताजी सेतु इलाके में घेराबंदी कर नाका चेकिंग शुरू की। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे मसादुल को हिरासत में लेकर जब उसके बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से विभिन्न ब्रांड्स के 133 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद हुए।


प्रारंभिक जांच में पुलिस को अंदेशा है कि इन मोबाइलों को झारखंड के विभिन्न हिस्सों से इकट्ठा कर फराक्का के रास्ते बांग्लादेश भेजने की योजना थी। इस अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह के मुख्य सरगना और नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों का सुराग लगाने के लिए पुलिस गहनता से जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को 7 दिनों की पुलिस रिमांड की मांग के साथ जंगीपुर अदालत में पेश किया गया है।

Post a Comment

0 Comments