रानीगंज :- पश्चिम बंगाल सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत पश्चिम बर्दवान जिला खाद्य सुरक्षा शाखा द्वारा चलाए जा रहे ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ अभियान के तहत रानीगंज के तिलक रोड और तार बांग्ला इलाके में दो चायपत्ती दुकानों पर अचानक छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर ही करीब 250 किलोग्राम निम्न गुणवत्ता वाली चायपत्ती को नष्ट कर दिया गया, जबकि कुछ चायपत्ती के नमूनों को आगे की वैज्ञानिक जांच के लिए सील कर प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि 'फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स' भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) तथा राज्य स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष मोबाइल लैब पहल है। आधुनिक सुविधाओं और जांच उपकरणों से सुसज्जित इस मोबाइल वैन का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के इलाकों और बाजारों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की मिलावट की मौके पर ही त्वरित जांच करना, आम जनता में खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना और दुकानदारों को स्वच्छता मानकों का पालन कराने के लिए प्रेरित करना है।
अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त दोनों दुकानों पर तय मानकों की अनदेखी कर घटिया और निम्न गुणवत्ता वाली चायपत्ती बेची जा रही है। इसी सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मोबाइल वैन के साथ दोनों दुकानों में औचक जांच की। छापेमारी की खबर फैलते ही मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरी कार्रवाई व्यापारियों के साथ-साथ आम जनता के बीच चर्चा का केंद्र बनी रही। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा और मिलावटखोरी पाए जाने पर आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।





0 Comments