मालदा :- ऑनलाइन गेमिंग के जानलेवा जाल और कर्ज के भारी बोझ ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मालदा शहर के 2 नंबर गवर्नमेंट कॉलोनी इलाके में हुई 60 वर्षीय व्यापारी अर्णव सेन की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 12 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। राखी के पावन पर्व पर कोलकाता से अपने पैतृक घर पहुंचे अर्णव सेन की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उनके ही एक दूर के पोते ने अपने दोस्त के साथ मिलकर कर दी। पुलिस ने मामले में 22 वर्षीय शुभजीत घोष और उसके साथी कौशिक घोष उर्फ पचा को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में सामने आया कि इस खौफनाक वारदात के पीछे की मुख्य वजह ऑनलाइन गेमिंग की लत थी। पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह के अनुसार, दोनों आरोपी ऑनलाइन गेमिंग के बेहद आदी थे और खेल-खेल में उन पर लाखों रुपये का कर्ज चढ़ चुका था। शुभजीत पर लगभग तीन लाख रुपये और उसके दोस्त पर एक लाख रुपये का बकाया था। इस कर्ज को चुकाने का कोई रास्ता न पाकर शुभजीत ने अपने व्यापारी दादा को लूटने और उनकी हत्या करने की साजिश रच डाली।
गुरुवार की रात दोनों युवक अर्णव सेन के घर पहुंचे। दादा ने स्नेहवश दोनों को चाय बनाकर पिलाई, लेकिन चाय की चुस्कियों के बीच ही पोते ने लाखों रुपये की मांग रख दी। अर्णव सेन के मना करने पर आरोपियों ने तकिये से उनका दम घोटने की कोशिश की और फिर धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अलमारी खंगालते रहे और मृतक का मोबाइल लेकर फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन को ट्रैक करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा, जिन्होंने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है।


0 Comments