दुर्गापुर :- आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) की कोक ओवन थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दुर्गापुर बैराज के पास घेराबंदी कर ओडिशा से बस द्वारा आए तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया। विधि-विधान और कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके पास से 43 पैकेटों में रखा कुल 53.238 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ कोक ओवन थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मंगलवार को पुलिस ने भारी मात्रा में बरामद गांजे के साथ तीनों अभियुक्तों को आसनसोल अदालत में पेश किया। पुलिस अब धृत आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है, ताकि इस अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के मुख्य स्रोतों और इसमें शामिल अन्य गिरोहों का पर्दाफाश किया जा सके।


0 Comments