कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में बालू के अवैध कारोबार और रंगदारी के खिलाफ राज्य भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झाड़ग्राम थाने के एक पुलिस कांस्टेबल और तीन दलालों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कांस्टेबल की पहचान रतन प्रमाणिक के रूप में हुई है, जो झाड़ग्राम के बांधगोड़ा ग्राम पंचायत के श्यामसुंदरपुर गांव का निवासी है। उसके साथ गिरफ्तार अन्य तीनों दलाल भी उसी गांव के रहने वाले हैं। एसीबी की टीम ने मंगलवार रात यह कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से 5 लाख 70 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानसून के दौरान नदियों से बालू उठाना प्रतिबंधित रहता है, लेकिन बालू माफिया अवैध रूप से ट्रैक्टरों के जरिए बालू की तस्करी कर रहे थे। इस दौरान दलाल प्रति ट्रैक्टर के हिसाब से मोटी रकम वसूल रहे थे। एक ट्रैक्टर मालिक की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसीबी ने सबसे पहले दीपांकर बारीक और रवि बारीक नाम के दो दलालों को पकड़ा। पूछताछ के बाद तीसरे दलाल शांतनु बारीक के घर छापेमारी कर लाखों रुपये बरामद किए गए।
कड़ाई से पूछताछ करने पर दलालों ने स्वीकार किया कि यह रकम अवैध रूप से बालू उठाने की अनुमति के बदले झाड़ग्राम थाने के कांस्टेबल रतन प्रमाणिक को दी जानी थी। इसके बाद एसीबी अधिकारियों ने दलाल शांतनु को साथ लेकर बालू व्यापारी के रूप में झाड़ग्राम थाने में जाल बिछाया। जैसे ही कांस्टेबल रतन को पैसों से भरा बैग सौंपा गया, वहां मौजूद एसीबी अधिकारियों ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। सभी गिरफ्तार आरोपियों को कोलकाता लाया जा रहा है और इस पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।



0 Comments