कुल्टी :- कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के बराकर के युवाओं की अनोखी और सराहनीय पहल पर सावन के पावन अवसर पर रविवार को क्षेत्र में पहली बार 'बाल कांवरिया यात्रा' का आयोजन किया गया। बच्चों में धार्मिक व सांस्कृतिक मूल्यों के बीजारोपण के उद्देश्य से आयोजित इस यात्रा में दो से आठ वर्ष की आयु के कुल 301 नन्हें कांवरियों ने बड़े ही उत्साह के साथ भाग लिया। यह यात्रा बराकर के ओल्ड जीटी रोड स्थित डायमंड मैदान घाट से शुरू हुई, जहां नन्हें बाल कांवरियों ने पवित्र नदी से जल भरा। इसके बाद हाथ में छोटी-छोटी कांवर लिए बच्चे-बच्चियां 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के गगनभेदी जयकारों के साथ पैदल बेगुनिया होते हुए प्रसिद्ध सिद्धेश्वरी मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
बच्चों का मनोबल और उत्साह बढ़ाने के लिए कुल्टी के विधायक और राज्य के पीडब्ल्यूडी व पीएचई मंत्री डॉ. अजय पोद्दार खुद नदी घाट पहुंचे और पूरे रास्ते बाल कांवरियों के साथ पैदल चलकर मंदिर तक गए। मंत्री डॉ अजय पोद्दार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में बचपन से ही बच्चों को भगवान राम, कृष्ण और शिव के स्वरूपों से परिचित कराया जाता है। नई पीढ़ी को इस महान धार्मिक व सांस्कृतिक परंपरा से जोड़े रखने के लिए यह प्रयास बेहद अनुकरणीय है। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक केशव पोद्दार ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में जब बच्चे वीडियो गेम और खेलकूद में ही व्यस्त रहते हैं, ऐसे में उन्हें अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये नन्हें कांवरिया भविष्य में सुल्तानगंज से देवघर जैसे प्रसिद्ध तीर्थस्थलों की यात्रा की परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।




0 Comments