दुर्गापुर :- दुर्गापुर स्टील पीपुल्स कोऑपरेटिव बैंक में एक बड़े वित्तीय घोटाले का मामला सामने आया है। शनिवार दोपहर बेनाचिति स्थित बैंक शाखा के औचक निरीक्षण के बाद खाद्य एवं सहकारिता मंत्री अशोक कीर्तनिया ने एक बड़ा खुलासा किया। बैंक अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक के बाद मंत्री ने बताया कि जांच में कुल 40 करोड़ 60 लाख 51 हजार 565 रुपये के भ्रष्टाचार की पुष्टि हुई है। इस दौरान उन्होंने ऋण स्वीकृत करने वाले अधिकारियों से कड़ी पूछताछ की और अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।
सहकारिता मंत्री ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि इस वित्तीय गड़बड़ी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह वर्तमान कर्मचारी हो या सेवानिवृत्त। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उनकी व्यक्तिगत संपत्तियों को भी जब्त किया जाएगा। इसके अलावा, प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मंत्री ने एक ही विभाग में वर्षों से तैनात कर्मचारियों को चिह्नित कर तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं।
मामले में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ऋण लेने वालों को भी स्पष्ट संदेश दिया गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की भ्रष्टाचार के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति का हवाला देते हुए प्रशासन ने साफ किया है कि जनता के पैसे की पाई-पाई की वसूली की जाएगी। फर्जीवाड़ा कर कर्ज ऐंठने वाले यदि यह सोच रहे हैं कि वे बच निकलेंगे, तो यह उनकी भूल है। आरोपियों को जेल भेजने के साथ ही उनकी संपत्तियां भी अटैच की जा सकती हैं। बैंक प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों ने अवैध तरीके से ऋण लिया है, उनके पास अभी भी राशि लौटाने का समय है, जिससे वे कड़े कानूनी शिकंजे से बच सकते हैं।



0 Comments