बीरभूम के बाद अब मालदा से 41 लाख रुपये कैश और 568 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 2 गिरफ्तार

मालदा :- पश्चिम बंगाल के बीरभूम के बाद अब मालदा जिले से भारी मात्रा में नकदी और नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। गुरुवार तड़के मालदा के गाजोल में रांगाभिटा इलाके के पास 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक से जा रहे दो युवकों को पुलिस ने संदेह के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद बैग से 568 ग्राम ब्राउन शुगर और करीब 40 लाख 69 हजार 700 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने सड़क किनारे ही नोट गिनने की मशीन से नकदी की गिनती शुरू कर दी। हिरासत में लिए गए दोनों युवकों की पहचान सिद्धार्थ मंडल और किशोर मंडल के रूप में हुई है, जो मालदा के कालियाचक इलाके के निवासी हैं। 


पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि दोनों अंतरराष्ट्रीय या अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी गिरोह से जुड़े हुए हैं। वे बाइक पर इस नकदी और नशीले पदार्थ को मालदा शहर की ओर ले जा रहे थे। पुलिस ने उनकी दोनों बाइक जब्त कर ली हैं। जब्त की गई ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत कई लाख रुपये आंकी जा रही है। गंजोल थाना पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इतनी बड़ी रकम और ड्रग्स किस मकसद से ले जाए जा रहे थे और इस गिरोह में कौन-कौन शामिल है।

Post a Comment

0 Comments