राजधानी एक्सप्रेस से गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 42 किलो गांजे के साथ बिहार के 3 तस्कर गिरफ्तार

मालदा :- मालदा टाउन स्टेशन पर रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मुस्तैदी दिखाते हुए अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया है। जीआरपी थाना पुलिस ने राजधानी एक्सप्रेस से 42 किलोग्राम गांजे के साथ बिहार निवासी तीन तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रूपेश कुमार, सुधीन मंडल और संकेत कुमार के रूप में हुई है।

जीआरपी सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी राजधानी एक्सप्रेस के माध्यम से गांजे की भारी खेप किसी अन्य स्थान पर पहुंचाने की फिराक में हैं। जैसे ही ट्रेन मालदा टाउन स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर रुकी, पुलिस टीम ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे में मौजूद दो बड़े बैगों से 15 पैकेटों में बंद कुल 42 किलो गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस तस्करी नेटवर्क के पीछे शामिल मुख्य सरगनाओं और इसके गंतव्य का सुराग लगाने के लिए पुलिस गहराई से जांच कर रही है। गिरफ्तार तस्करों को पुलिस रिमांड की याचिका के साथ मालदा जिला अदालत में पेश किया गया है।

Post a Comment

0 Comments