कोलकाता :- भारत-बांग्लादेश सीमावर्ती क्षेत्र में नशीली दवाओं की एक बड़ी खेप खपाने की अंतरराष्ट्रीय साजिश को बशीरहाट थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए नाकाम कर दिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर टकी रोड के अमताला इलाके में नाकाबंदी कर एक मिनी ट्रक को जब्त किया, जिसकी तलाशी लेने पर 4,438 बोतल प्रतिबंधित फेंसीडिल कफ सिरप बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त की गई फेंसीडिल की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। मौके से पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जिसकी पहचान हुसैन बिस्वास के रूप में हुई है।
बशीरहाट थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, देर रात अधिकारियों को यह पुख्ता इनपुट मिला था कि एक संदिग्ध मिनी ट्रक के जरिए फेंसीडिल की बड़ी खेप सीमावर्ती क्षेत्र की तरफ भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए अमताला इलाके में सघन नाका चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। चेकिंग के दौरान जैसे ही निर्धारित मिनी ट्रक वहां पहुंचा, उसे रोककर बारीकी से तलाशी ली गई। वाहन में विशेष रूप से छिपाकर रखी गई हजारों बोतल फेंसीडिल देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी हुसैन बिस्वास ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए कई अहम खुलासे किए हैं। आरोपी ने बताया कि फेंसीडिल की इस भारी खेप को बशीरहाट के सीमावर्ती इलाके साकचूड़ा पहुंचाया जाना था, जहां से इसे सीमा पार बांग्लादेश तस्करी करने की योजना थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि इस अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं तथा इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन से तस्कर शामिल हैं।



0 Comments