रानीगंज :- राज्य के परिवहन व श्रम अर्जुन सिंह रविवार की शाम रानीगंज स्थित प्रसिद्ध श्री श्याम मंदिर पहुंचे, जहाँ श्री श्याम बाल मंडल चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। श्री श्याम बाल मंडल चैरिटेबल ट्रस्ट के तरफ से विष्णु सराफ, अरुण राजपुरिया, विनोद बंसल, रमेश अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, सतीश खेमका समेत अन्य सदस्यों ने मंत्री अर्जुन सिंह को सम्मानित किया। मंत्री अर्जुन सिंह ने श्री श्याम बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई और विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूजा के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने प्रदेश में सोनार बंगला के निर्माण, सुशासन की स्थापना, महिलाओं की सुरक्षा, बच्चों की शिक्षा तथा गुंडागर्दी व सिंडिकेट से मुक्ति की प्रार्थना व्यक्त की।
मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान परिवहन व श्रम मंत्री अर्जुन सिंह ने राज्य में नई बसों के परिचालन को लेकर एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि विभाग के पास लगभग 750 बसें तैयार हैं, लेकिन चालक और परिचालकों की कमी के कारण वे सड़क पर नहीं उतर पा रही थीं। अब नए ड्राइवरों और कंडक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया तेजी से जारी है। सरकार ने आगामी दुर्गा पूजा से पहले राज्य में लगभग 650 नई बसें चलाने का लक्ष्य रखा है, जबकि मार्च 2027 तक 1000 नई बसें चलाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके साथ ही निजी बस मालिकों से भी अपील की गई है कि जिन मार्गों पर बसों का परिचालन बंद हो गया है, वहाँ सेवा फिर से बहाल की जाए।
नेशनल हाईवे पर टोटो (ई-रिक्शा) के अनियंत्रित परिचालन और उससे प्रभावित हो रहे बस रूटों की समस्या पर मंत्री अर्जुन सिंह ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्गों से टोटो के परिचालन पर अंकुश लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और धीरे-धीरे इन्हें हाईवे से पूरी तरह हटाया जाएगा। वहीं औद्योगिक श्रमिकों के हितों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि स्पंज आयरन और स्टील इंडस्ट्री के श्रमिकों के लिए नया वेतन समझौता लागू कर दिया गया है, जिसमें न्यूनतम वेतन, पीएफ और ग्रेच्युटी को अनिवार्य किया गया है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि ट्रेड यूनियन के नाम पर कारखानों से होने वाली अवैध वसूली पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है और नई सरकार आने वाले समय में बची हुई चुनौतियों का भी समाधान करेगी।



0 Comments