बांकुड़ा:- पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में करीब 72 करोड़ रुपये के बड़े साइबर और वित्तीय धोखाधड़ी रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बांकुड़ा जिला साइबर क्राइम थाने की टीम ने इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बांकुड़ा के पुलिस सुपर पी.वी.जी. सतीश ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुख्ता सूचना और गुप्तचर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में फर्जी पहचान पत्र, बैंक से जुड़े दस्तावेज और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। बरामद सामान में 6 आधार कार्ड, 2 पैन कार्ड, 4 ड्राइविंग लाइसेंस, एक ई-श्रम कार्ड, वोटर कार्ड समेत अन्य पहचान पत्र, 34 बैंक पासबुक, 13 एटीएम कार्ड और 9 चेकबुक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन, एक टैबलेट, 3 यूपीआई स्कैनर, 42 सिम कार्ड और 15 फ्लैश स्टैम्प भी जब्त किए हैं। इसके अलावा वित्तीय लेन-देन और कथित धोखाधड़ी से जुड़े कई महत्वपूर्ण रजिस्टर व दस्तावेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह एक सुनियोजित अंतरराज्यीय साइबर गैंग हो सकता है, जो आम लोगों को अपने जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम देता था। अब पुलिस इस गिरोह के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। जांच का फोकस इस बात पर है कि गिरोह के तार किन राज्यों और इलाकों से जुड़े हैं, इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं तथा कथित रूप से ठगे गए करीब 72 करोड़ रुपये की राशि को किन माध्यमों से इधर-उधर किया गया। बांकुड़ा जिला पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने जांच तेज कर दी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे तथा गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।
0 Comments