''फिक्स दिस स्पॉट' : ADPC ने नागरिकों से खतरनाक स्थानों की पहचान करने की अपील की

आसनसोल :- सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और हादसों पर अंकुश लगाने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय की ओर से 'विशेष सड़क सुरक्षा सप्ताह 2026' के तहत एक विशेष अभियान 'फिक्स दिस स्पॉट' की शुरुआत की गई है। इसके तहत नागरिकों से अपने आसपास मौजूद खतरनाक क्रॉसिंग, अनधिकृत मीडियन ओपनिंग, कम रोशनी वाले रास्तों, अवैध पार्किंग या सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए जोखिम पैदा करने वाली किसी भी अन्य समस्या की पहचान करने में मदद करने की अपील की गई है। इस नागरिक सहभागिता अभियान में हिस्सा लेना बेहद आसान है। नागरिकों को किसी सुरक्षित स्थान से समस्या की एक स्पष्ट तस्वीर खींचनी होगी, सटीक स्थान या नजदीकी लैंडमार्क का उल्लेख करना होगा और समस्या का संक्षिप्त विवरण देना होगा। प्रतिभागी अपनी रिपोर्ट ईमेल आईडी dctrafficadpc@gmail.com पर भेज सकते हैं या फिर व्हाट्सएप नंबर 8116604402 पर साझा कर सकते हैं। 


पुलिस आयुक्तालय ने स्पष्ट किया है कि प्राप्त होने वाली सभी उपयोगी रिपोर्टों की बारीकी से जांच की जाएगी और ट्रैफिक पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जहां मामला अन्य विभागों से जुड़ा होगा, उसे संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से सुरक्षा के मद्देनजर अपील की है कि वाहन चलाते समय तस्वीरें बिल्कुल न लें और ना ही यातायात में बाधा उत्पन्न करें। सड़कों को अधिक सुरक्षित बनाने के इस साझा प्रयास में नागरिकों की सहभागिता पर जोर दिया गया है, ताकि 'सुरक्षित सड़कें, सुरक्षित पश्चिम बंगाल' के सपने को साकार किया जा सके।

Post a Comment

0 Comments