अंडाल :- अंडाल थाना अंतर्गत ECL के परासकोल ईस्ट कोलियरी में शनिवार देर रात नकाबपोश डकैतों ने धावा बोलकर भारी तांडव मचाया। धारदार हथियारों से लैस 8 से 10 बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को अचानक घेर लिया। विरोध करने पर सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और फिर उनसे नकदी, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और सोने की चेन लूट ली गई। पीड़ित सुरक्षाकर्मी रामबदन कहार के अनुसार, उनसे 6 हजार रुपये और मोबाइल छीना गया, जबकि 'हाजरी बाबू' से 15 से 16 हजार रुपये, मोबाइल और सोने की चेन लूट ली गई। इसके बाद बदमाशों ने कोलियरी के टेलीफोन को तोड़ दिया और सभी सुरक्षाकर्मियों को एक कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, गिरोह का मुख्य मकसद कोलियरी से तांबे का सामान चोरी करना था। लगभग 34 साल बाद कोलियरी में हुई इस तरह की भीषण वारदात से खदान क्षेत्र के श्रमिकों में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही अंडाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों और संदिग्धों की तलाश कर डकैतों की पहचान करने में जुटी है, हालांकि इस घटना ने रात के समय खदान में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।



0 Comments