दुर्गापुर :- राज्य सरकार की अन्नपूर्णा योजना से वंचित रहने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को महिलाओं के एक समूह ने दुर्गापुर में महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय के सामने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि पिछली सरकार के कार्यकाल में उन्हें 'लक्ष्मी भंडार' योजना का लाभ मिलता था, लेकिन वर्तमान सरकार के तहत लागू की गई 'अन्नपूर्णा योजना' के लाभ से उन्हें वंचित रखा जा रहा है। अपनी मांगों के समर्थन में महिलाओं ने एसडीओ दफ्तर के समक्ष मुख्य सड़क पर लगभग 30 मिनट तक धरना दिया। इस विरोध प्रदर्शन के कारण व्यस्त सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई और यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
घटना की सूचना मिलते ही न्यू टाउनशिप थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर आधे घंटे बाद जाम समाप्त करवाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि अन्नपूर्णा योजना का हक पाने के लिए वे जल्द ही प्रशासन के समक्ष दोबारा आवेदन सौंपेंगी और यदि सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।





0 Comments