आसनसोल :- लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नदी में तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हुए युवक का शव दो दिन बाद बरामद हुआ। घटना सीतारामपुर को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाली सड़क के पास जोहरगढ़ श्मशान घाट इलाके की है। मृतक की पहचान आमिर ग्यास के रूप में हुई है। बताया गया है कि सोमवार रात आमिर ग्यास अपने साथी राजीव पासवान के साथ स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान नदी में पानी का बहाव अचानक तेज हो गया और दोनों उसकी चपेट में आकर बह गए। राजीव किसी तरह नदी से बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन आमिर का पता नहीं चल सका।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार सुबह नियामतपुर फाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और नदी में तलाश अभियान चलाया, लेकिन आमिर का कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह परिजनों और स्थानीय लोगों ने फिर से नदी में तलाश शुरू की। इसी दौरान नदी की झाड़ियों में आमिर का शव फंसा हुआ मिला। सूचना मिलने पर नियामतपुर फाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिजनों ने राजीव पासवान पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिवार का आरोप है कि घटना सोमवार रात हुई, लेकिन राजीव ने मंगलवार सुबह इसकी जानकारी दी। परिजनों ने आशंका जताई है कि आमिर की मौत हादसे में बहने के कारण हुई या इसके पीछे कोई और वजह है, इसकी जांच होनी चाहिए। हालांकि, हत्या के आरोप की अभी पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संबंधित लोगों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लगातार बारिश के कारण नदी में तेज बहाव को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।



0 Comments