आसनसोल :- अन्नपूर्णा योजना की वित्तीय सहायता राशि बैंक खातों में न पहुंचने से नाराज कई महिलाओं ने शुक्रवार को सालानपुर ब्लॉक के (BDO) कार्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया। महिलाओं का आरोप है कि सरकारी दिशानिर्देशों के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद उन्हें अब तक योजना का लाभ नहीं मिला है।
प्रदर्शन के दौरान बीडीओ कार्यालय में माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आक्रोशित महिलाओं ने कार्यालय में रखी कुर्सियों को पटककर अपना विरोध दर्ज कराया। घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाना क्षेत्र की रूपनारायणपुर पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और शांत कराया।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि जब उन्होंने सभी औपचारिकताओं और सही प्रक्रिया के तहत फॉर्म भरकर आवेदन किया था, तो उनके खातों में राशि क्यों नहीं भेजी गई? उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यालय के चक्कर काटने के बाद भी उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में इस योजना से जुड़े कई आवेदनों के खारिज होने की शिकायतें सामने आई हैं। सालानपुर में हुए इस प्रदर्शन ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने की व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिलाओं ने जल्द से जल्द मामले की जांच कर बकाया राशि जारी करने की मांग की है।



0 Comments