आसनसोल :- आसनसोल के रूपनारायणपुर के आमडांगा मोड़ के पास सामडी रोड पर गुरुवार को अचानक हुए भीषण विस्फोट से पूरा इलाका दहल उठा। धमाके के साथ ही 'मां ऑटोमोबाइल' नामक एक टोटो (ई-रिक्शा) सर्विस सेंटर धू-धू कर जलने लगा। इस हादसे में दुकान मालिक सुभाष पाल गंभीर रूप से झुलस गए और विस्फोट के प्रभाव से दूर जा गिरे। उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे दुकान में रोजाना की तरह काम चल रहा था। तभी एक टोटो चालक सर्विसिंग कराकर बाहर निकला और कुछ ही पलों बाद भीतर से जोरदार धमाका हुआ। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान के अंदर रखी टोटो की बैटरियां अत्यधिक गर्मी के कारण एक-एक कर फटने लगीं, जिससे लगातार धमाकों की आवाज से आसपास के इलाकों में भगदड़ मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से झुलसे सुभाष पाल को अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर फाड़ी की पुलिस और चित्तरंजन व आसनसोल से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। पुलिस जांच में जुटी है कि हादसा बैटरियों की चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। इसके साथ ही दुकान में सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।



0 Comments