Asansol में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, हेलमेट की वजह से बची बैंक कर्मी की जान


आसनसोल :- आसनसोल शहर के बीएनआर इलाके में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक बेकाबू कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद कार का अगला पहिया मोटरसाइकिल के ऊपर चढ़ गया। हालांकि, सिर पर पहना हेलमेट इस हादसे में जीवनरक्षक साबित हुआ और बाइक सवार की जान बाल-बाल बच गई।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी सीताराम वर्मा ने बताया कि दुर्घटना के समय बाइक सवार अपनी साइड से सामान्य गति में आ रहा था। तभी अचानक बेहद तेज रफ्तार में आई एक कार ने उसे सीधे टक्कर मार दी। उन्होंने कहा कि टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी का चक्का बाइक के ऊपर चढ़ गया। गनीमत रही कि मोटरसाइकिल सवार हेलमेट पहने हुए था। अगर हेलमेट नहीं होता तो उसका बचना नामुमकिन था। हमने तुरंत कार को उठाकर घायल को बाहर निकाला।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार घायल व्यक्ति पेशे से एक बैंक कर्मचारी है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया और उपचार के लिए भगत सिंह मोड़ इलाके के एक नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।



Post a Comment

0 Comments