Asansol में मनसा पूजा पंडाल के पास भूं-धंसान, ज़मीन धंसने से आसपास के घरों पर खतरा !

आसनसोल :- आसनसोल साउथ थाना क्षेत्र के फतेहपुर इलाके में मनसा पूजा उत्सव के बीच अचानक हुए एक बड़े भू-धंसान से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पूजा की गहमागहमी के दौरान अचानक एक तेज धमाके जैसी आवाज़ के साथ पंडाल के ठीक बगल में ज़मीन का एक विशाल हिस्सा धंस गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से श्रद्धालुओं और आसपास के बाशिंदों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

घटनास्थल के ठीक आसपास दर्जनों रिहाइशी मकान स्थित हैं, जहां सैकड़ों परिवारों के हज़ारों लोग निवास करते हैं। भू-धंसाव के बाद अब इन मकानों की नींव पर भी सीधा खतरा मंडराने लगा है। स्थानीय निवासियों ने भय व्यक्त किया है कि यदि धंसाव का दायरा ज़रा भी बढ़ा, तो कई मकान ज़मींदोज़ हो सकते हैं, जिससे भारी जान-माल की क्षति हो सकती है। फिलहाल इलाके में दहशत का सन्नाटा पसरा हुआ है।


स्थानीय नागरिकों का गंभीर आरोप है कि हादसे की तत्काल सूचना ईसीएल (ECL) तथा आसनसोल नगर निगम प्रशासन को दे दी गई थी, परंतु अभी तक सुरक्षा का कोई प्रभावी उपाय नहीं किया गया है। आक्रोशित लोगों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी तुरंत मौके का मुआयना करें, भू-धंसाव के वास्तविक कारणों की तकनीकी जांच कराएं और प्रभावित मकानों का निरीक्षण कर ज़रूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करें। प्रशासन और खदान प्रबंधन की इस सुस्ती को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त है।

Post a Comment

0 Comments