Asansol में बेटे पर मां की हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस


आसनसोल :- आसनसोल के कालीपहाड़ी इलाके में एक वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान बैसाखी हेंब्रम के रूप में हुई है। परिजनों ने उनके ही बेटे राजीव हेंब्रम पर 40 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर मां की बेरहमी से हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है। मृतका के दूसरे बेटे जयंत हेंब्रम और दामाद दुर्लभ सिंह का कहना है कि राजीव पिछले एक महीने से पैसों के लिए मां को जान से मारने की धमकियां दे रहा था। घटना वाले दिन भी उसने मां के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी सेंट्रल ध्रुव दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर ही मौत की असली वजह और आरोपों की सच्चाई सामने आ पाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी सेंट्रल ध्रुव दास खुद घटनास्थल पर पहुंचे और इस मामले की छानबीन की।

Post a Comment

0 Comments