नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़, हाथ तोड़े जाने के विरोध में BJP का प्रदर्शन

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर जारी विवाद के बीच कोलकाता के न्यू अलीपुर इलाके में नेताजी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की घटना सामने आई है। वार्ड नंबर 81 के बोटतला इलाके में स्थित नेताजी की विशाल प्रतिमा का दाहिना हाथ आधा टूटा हुआ पाया गया, जिसे देखकर स्थानीय निवासियों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय भाजपा नेता मौके पर पहुंचे और अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन का रुख किया। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि मुख्यमंत्री की सख्त चेतावनी और कार्रवाई के बावजूद इस तरह की घटना को अंजाम देने की हिम्मत दुष्कर्मियों में कैसे हुई। 


यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में राज्यसभा सांसद अनंत महाराज द्वारा नेताजी पर दिए गए विवादित बयानों के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कड़ी चेतावनी जारी की थी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा था कि नेताजी का अपमान करने वालों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाएगी और पुलिस को बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इस चेतावनी के बाद पुलिस ने उत्तर दिनाजपुर से एक व्यक्ति को आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के आरोप में गिरफ्तार भी किया था। हालांकि, इस पुलिसिया कार्रवाई के कुछ ही घंटों बाद न्यू अलीपुर में नेताजी की प्रतिमा के साथ हुई इस तोड़फोड़ ने इलाके में तनाव बढ़ा दिया है और स्थानीय निवासी आरोपियों के खिलाफ कठोरतम सजा की मांग कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments