दुर्गापुर :- दुर्गापुर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ दुर्गापुर इस्पात संयंत्र (डीएसपी) प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा बुलडोजर अभियान चलाया है। मंगलवार की सुबह दुर्गापुर के इस्पात नगरी क्षेत्र में ट्रंक रोड से सटे इलाकों में भारी हलचल देखने को मिली, जहां कारखाने की बहुमूल्य जमीन पर कब्जा करके बनाए गए कई अवैध निर्माणों को जेसीबी मशीनों की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
कारखाना प्रशासन का कहना है कि संबंधित जमीनों पर लंबे समय से अवैध रूप से कब्जा करके पक्के और कच्चे निर्माण कर लिए गए थे। इस संबंध में कब्जाधारियों को पहले ही कई बार प्रशासनिक नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी। हालांकि, नोटिस मिलने के बावजूद कब्जाधारियों द्वारा निर्माण नहीं हटाए जाने पर अंततः कारखाना अधिकारियों को कठोर रुख अपनाना पड़ा और बुलडोजर चलाकर जमीन को मुक्त कराने की कार्रवाई करनी पड़ी।
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना या विरोध की स्थिति से निपटने के लिए व्यापक पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अभियान के समय दुर्गापुर इस्पात संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ भारी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर मुस्तैद रहा। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद से इलाके में हड़कंप का माहौल है, वहीं अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि कंपनी की जमीनों पर आगे भी अवैध कब्जों के खिलाफ इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।





0 Comments