रानीगंज में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर

रानीगंज :- रानीगंज शहर के राजबाड़ी मोड़ स्थित पंडित पोखर परिसर से मंगलवार को 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रभक्ति के गीतों और भारत माता के जयकारों के बीच शुरू हुई यह यात्रा एनएसबी रोड से शिशु बागान और नेताजी मोड़ होते हुए रानीगंज रेलवे स्टेशन पर जाकर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान सभी ने कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित तमाम महापुरुषों की प्रतिमाओं पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान रानीगंज के विधायक पार्थ घोष का अनोखा अंदाज देखने को मिला, जब वे स्वयं टोटो चलाते हुए नजर आए। समूचा शहर राष्ट्रीय ध्वज से पटा रहा। हर तरफ देशभक्ति के नारे गूंज रहे थे। 

इस मौके पर विधायक पार्थ घोष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लंबे समय से तिरंगा यात्रा का आयोजन करती आ रही है। पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के समय पश्चिम बंगाल में इस राष्ट्रीय आयोजन को अपेक्षित प्रमुखता नहीं दी जाती थी, लेकिन अब डबल इंजन की सरकार बनने के बाद राष्ट्रवादी माहौल के बीच तिरंगा यात्रा को वृहद स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। 


वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने अपने वक्तव्य में कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है। 'हर घर तिरंगा' अभियान के माध्यम से समाज के हर नागरिक को देशभक्ति के सूत्र में बांधने का प्रयास किया जा रहा है ताकि युवा पीढ़ी हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद रखे। इस मौके पर भाजपा के जिला महासचिव अपूर्व हाजरा, मंडल अध्यक्ष शमशेर सिंह, दिनेश सोनी, मोनू वर्मा सहित कई भाजपा नेता और स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments