रानीगंज में नेशनल हाईवे पर गड्ढे में फंसा मालवाहक ट्रेलर, यातायात प्रभावित

रानीगंज :- रानीगंज शहर के बीचो-बीच से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-14 की स्थिति दिन-ब-दिन खतरनाक होती जा रही है। गिरजा पाड़ा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। शुक्रवार को बांकुड़ा जिले से आ रहा एक मालवाहक ट्रेलर गिरजा पाड़ा के समीप सड़क पर बने एक बड़े गड्ढे में फंसकर अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गड्ढे में पहिया धंसने की वजह से ट्रेलर का एक बड़ा हिस्सा बाईं तरफ खतरनाक तरीके से झुक गया। काफी समय तक यह भारी वाहन राजमार्ग पर इसी असंतुलित और जोखिमभरी स्थिति में अटका रहा, जिससे उसके कभी भी पलटने का डर बना हुआ था। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही बुरी तरह ठप हो गई और लंबा जाम लग गया। बाद में घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को गड्ढे से बाहर निकाला गया। 

स्थानीय निवासियों का कहना है कि नेशनल हाईवे 14 पश्चिम बर्दवान जिले को बांकुड़ा जिले से जोड़ने वाला एक बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है। रानीगंज के गिरजा पाड़ा क्षेत्र में सड़क की हालत इतनी खस्ता हो चुकी है कि अब इस पर सफर करना जान जोखिम में डालने जैसा है। बारिश के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और भी ज्यादा बदतर हो गई है, जिससे लगातार दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments