रानीगंज :- बीरभूम और कोलकाता के होटलों में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड और उससे हुई जनहानि से सबक लेते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में रानीगंज के पंजाबी मोड़ इलाके में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस और दमकल विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक कई होटलों और लॉज का निरीक्षण कर अग्निसुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कोलकाता और बीरभूम की दुखद घटनाओं के बाद होटल सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों के बीच हुई इस बड़ी कार्रवाई से स्थानीय होटल संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, पंजाबी मोड़ फाड़ी प्रभारी नजमुल होदा के नेतृत्व में पुलिस बल और दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से यह निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान अधिकारियों ने होटलों में लगे अग्निशमन यंत्रों, आपातकालीन निकास मार्गों, स्प्रिंकलर सिस्टम और बिजली के वायरिंग नेटवर्क की गहनता से जांच की। हालिया अग्निकांडों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी और आपातकालीन रास्तों के बंद होने जैसी गंभीर कमियां सामने आई थीं, जिसे ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने प्रत्येक होटल के सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से परीक्षण किया और संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी।
सूत्रों के अनुसार, बीरभूम और कोलकाता में हुए अग्निकांड के बाद रानीगंज में हुई इस जांच ने होटल मालिकों को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल दमकल विभाग द्वारा जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसके आधार पर मानक पूरे न करने वाले होटलों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा सकते हैं।



0 Comments