रानीगंज :- रानीगंज थाना क्षेत्र के बादामबागान इलाके में स्थित एक निजी स्कूल के बाउंड्री वॉल से महज कुछ ही मीटर की दूरी पर अचानक हुए भू-धंसान से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। लगातार बढ़ रहा भू-धंसान का दायरा स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को खतरनाक घोषित करते हुए सुरक्षा फीता लगाकर घेराबंदी कर दी। साथ ही घटनास्थल पर किसी के भी प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। हालांकि, इस घटना पर स्कूल प्रशासन की ओर से अब तक कोई बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह इलाका लंबे समय से धंसान प्रभावित रहा है। भाजपा के आसनसोल दक्षिण ग्रामीण मंडल के महासचिव उज्ज्वल माजी ने आरोप लगाया है कि इस क्षेत्र में खदानों से निकलने वाली जहरीली गैसें भी मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले यहां कुआं खोदने के दौरान गैस की चपेट में आने से 3-4 लोगों की जान जा चुकी है। स्थानीय प्रशासन और बीएलआरओ को कई बार लिखित शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्कूल और रिहायशी इलाके के इतने करीब भू-धंसान का दायरा बढ़ने से स्थानीय लोग डरे हुए हैं। अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या प्रशासन केवल सुरक्षा फीता बांधकर अपनी जिम्मेदारियों से इतिश्री कर लेगा, या फिर इस मामले में कोई ठोस कदम उठाया जाएगा।



0 Comments