रानीगंज :- रानीगंज के बल्लभपुर इलाके में झाड़-फूंक के नाम पर महिला से बदसलूकी और 5वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा से यौन उत्पीड़न के आरोप में 62 वर्षीय ट्यूशन शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान सनत भट्टाचार्य उर्फ परेश के रूप में हुई है।
घटना की शुरुआत तब हुई जब इलाके की एक बीमार महिला के घर आरोपी को झाड़-फूंक के लिए बुलाया गया। आरोप है कि प्रक्रिया के दौरान उसने महिला को गलत नीयत से छुआ, जिस पर परिवार और पड़ोसियों ने कड़ा विरोध जताया। इस घटना के सामने आते ही आरोपी के पास पढ़ने वाली 11 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने भी हिम्मत जुटाकर अपने परिवार को आपबीती सुनाई। पीड़िता ने रोते हुए बताया कि ट्यूशन पढ़ाने के दौरान शिक्षक पढ़ाई में बाधा का बहाना बनाकर उसकी मां को कमरे से बाहर भेज देता था और फिर उसके साथ छेड़छाड़ करता था।
छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर रानीगंज थाने की बल्लभपुर फाड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सनत भट्टाचार्य को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को ही पुलिस ने आरोपी को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया। पुलिस जब उसे पेशी के लिए अदालत ले जा रही थी उस वक्त बल्लभपुर पुलिस फाड़ी के बाहर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही। इस पूरी घटनाक्रम को लेकर लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा रही है और मामले की गहन जांच में जुट गई है। इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है और स्थानीय निवासी आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।



0 Comments