रानीगंज पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, विकसित रानीगंज, विकसित बंगाल और विकसित भारत का दिया नारा

रानीगंज :- वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे रविवार को रानीगंज के पंजाबी मोड़ स्थित विधायक सेवा केंद्र पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान रानीगंज के भाजपा विधायक पार्थ घोष, दिनेश सोनी, मोनू वर्मा और आनंद साव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विधायक सेवा केंद्र पहुंचने पर अश्विनी कुमार चौबे ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। 

पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता उनके दिखाए मार्ग पर चले। उन्होंने पश्चिम बंगाल में पिछले 15 वर्षों के घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं के संघर्ष की सराहना की और सनातन संस्कृति के उत्थान तथा राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। विकसित भारत, विकसित बंगाल और विकसित रानीगंज का संकल्प दोहराते हुए उन्होंने कहा कि जनता के दिल में कमल खिल चुका है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले पार्थ घोष उनके पास आए थे। उनका पूरा परिवार आरएसएस की विचारधारा से जुड़ा है। 


विधायक पार्थ घोष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री के लंबे राजनीतिक अनुभव की सराहना की और कहा कि उनसे काफी पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने बताया कि इस दौरे के दौरान रानीगंज के विकास, जनसंपर्क बढ़ाने और भावी योजनाओं को लेकर अहम मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। आगामी नवंबर महीने में रानीगंज में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है, जिसमें शामिल होने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्वनी चौबे ने अपनी सहमति जताई है।

Post a Comment

0 Comments