आसनसोल के बीबी कॉलेज में 'खेलो इंडिया डायलॉग' का आयोजन, मंत्री अग्निमित्रा पाल ने युवाओं को खेलों से जुड़ने का दिया संदेश

आसनसोल :- गुरुवार को आसनसोल के प्रतिष्ठित बनवारी लाल भालोटिया (बीबी) कॉलेज में 'खेलो इंडिया डायलॉग: खेल की बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत देशभर के 1,600 कॉलेजों का चयन किया गया था, जिनमें पश्चिम बंगाल से विशेष रूप से आसनसोल के बीबी कॉलेज को चुना गया। इस खास संवाद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों से जुड़कर कॉलेज के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में राज्य की शहरी विकास एवं नगरपालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी, कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। 'खेलो इंडिया डायलॉग' का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना, जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।



मंत्री अग्निमित्रा पाल ने आसनसोल के बीबी कॉलेज को मिले इस सम्मान पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि देशभर के 1,600 चयनित कॉलेजों में से पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित हमारे बीबी कॉलेज का चुना जाना हम सभी के लिए अत्यंत गर्व और गौरव का विषय है। वर्तमान समय में खेलों के घटते रुझान पर चिंता जताते हुए उन्होंने आगे कहा कि आज के दौर में हर बच्चे और युवा के हाथ में मोबाइल नजर आता है। तकनीक जरूरी है, लेकिन हमें अपनी युवा पीढ़ी को खेलकूद के मैदान से भी जोड़ना होगा। मानसिक और शारीरिक विकास के लिए बच्चों को मैदानी खेलों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित करना समय की मांग है।

Post a Comment

0 Comments