मुर्शिदाबाद :- मुर्शिदाबाद जिले के नौदा स्थित आमतला पार्टी कार्यालय को वापस पाने की मांग को लेकर पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के नेतृत्व में शनिवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आमतला स्थित विवादित पार्टी कार्यालय के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान अधीर रंजन चौधरी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर गंभीर आरोप लगाए। अधीर रंजन चौधरी का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के वर्तमान सांसद अबू ताहेर खान ने जब कांग्रेस छोड़कर टीएमसी का दामन थामा था, उसी समय उन्होंने इस पार्टी कार्यालय पर जबरन कब्जा कर लिया था। कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि वर्षों पहले पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने खून-पसीने की कमाई और व्यक्तिगत योगदान से इस कार्यालय का निर्माण करवाया था, लेकिन सत्ता और राजनीतिक प्रभाव के बल पर इसे जबरन छीन लिया गया। हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच प्रदेश कांग्रेस ने अपने कब्जाए गए पार्टी कार्यालयों और संपत्तियों को वापस पाने के लिए राज्यव्यापी अभियान शुरू किया है।
नौदा में आयोजित यह विरोध प्रदर्शन उसी रणनीति का एक हिस्सा है। धरना स्थल को संबोधित करते हुए अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि इस मुद्दे के समाधान के लिए पहले कई बार बातचीत की कोशिशें की गईं, लेकिन सत्ता पक्ष का रवैया ढुलमुल रहा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब बैठकों का समय खत्म हो चुका है और पार्टी कार्यकर्ता अपना हक व कार्यालय वापस हासिल करने के लिए सीधी लड़ाई लड़ेंगे। प्रदर्शन के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।



0 Comments