दुर्गापुर :- दुर्गापुर के बिधाननगर स्थित इमोन कल्याण सारणी में निजी अस्पताल के सामने सड़क पर रोजाना अवैध रूप से खड़े वाहनों के कारण हो रही भीषण जाम की समस्या पर ट्रैफिक पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। समस्या से परेशान आम लोगों को राहत दिलाने के लिए मुचीपाड़ा ट्रैफिक गार्ड के प्रभारी अधिकारी सिवनंदन दुबे के नेतृत्व में सड़क पर उतरकर एक विशेष और सख्त अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान अस्पताल के सामने और आसपास की मुख्य सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े चार पहिया वाहनों पर पुलिस अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई। पुलिस का कहना है कि पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था होने के बावजूद कई वाहन चालक नियमों को ताक पर रखकर गाड़ियां सड़क पर ही खड़ी कर देते हैं, जिससे रास्ता बेहद संकरा हो जाता है। इससे एक तरफ अस्पताल आने वाले मरीजों व उनके परिजनों को भारी असुविधा होती है, तो दूसरी तरफ रोजाना ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त हो जाती है।
कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक अधिकारियों ने लापरवाह चालकों को सीधे तौर पर सख्त चेतावनी दी। एक चालक को फटकार लगाते हुए अधिकारी ने साफ किया कि सड़क किसी की निजी पार्किंग की जगह नहीं है। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अब कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी, बल्कि कानूनन मामला दर्ज कर भारी जुर्माना भी वसूला जाएगा।



0 Comments