कुल्टी :- कुल्टी थाना के नियामतपुर पुलिस फाड़ी अंतर्गत लच्छीपुर 'दिशा' रेड लाइट इलाके में ग्राहकों से कथित तौर पर मारपीट कर पैसे छीनने और गाड़ी की चाबी लेकर फरार होने के मामले में नियामतपुर पुलिस चौकी ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी रोशन खान है, जिसे मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर बुधवार को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले पकड़े गए आरोपी बाबर खान से हिरासत के दौरान हुई पूछताछ में रोशन का नाम सामने आया था। गौरतलब है कि लच्छीपुर इलाके में चार लोगों को रोककर उनसे 10 हजार रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से करीब 20 हजार रुपये छीन लिए गए थे। जब पीड़ित पुलिस के पास जाने लगे, तो आरोपियों ने उनका पीछा कर स्कॉर्पियो वाहन की चाबी भी छीन ली थी। घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की थी। पुलिस अब रोशन खान को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस छिनतई गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों और पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जा सके।

0 Comments