दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के नकाशीपाड़ा में कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान और उनके बेटे अबू सुफियान की बेरहमी से की गई हत्या के विरोध में पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर के प्रांतिका में प्रदर्शन किया गया। दुर्गापुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक विरोध रैली निकाली और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी तथा उन्हें कठोर से कठोर सजा देने की मांग की। स्वतंत्रता दिवस की रात को घटी इस वारदात में नदिया जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव अनीसुर रहमान और उनके बेटे अबू सुफियान की गोली मारकर तथा धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय दोनों घर लौट रहे थे। इस दोहरे हत्याकांड से नदिया और आसपास के क्षेत्रों में भारी तनाव और सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दुर्गापुर में विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि इस जघन्य हत्याकांड के पीछे असामाजिक तत्वों का हाथ है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर हत्यारों को तुरंत सलाखों के पीछे भेजने की पुरजोर मांग की है।


0 Comments