मारवाड़ी युवा मंच और देवी शक्ति ने निकाली बाल कांवड़ यात्रा, शिवभक्ति के रंग में रंगा रानीगंज

रानीगंज :- पवित्र सावन मास के पावन अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच रानीगंज शाखा और देवी शक्ति के संयुक्त तत्वावधान में भव्य 'बाल कांवड़ यात्रा' का आयोजन किया गया। 'छोटी यात्रा बड़ा संस्कार' की अनूठी थीम पर आधारित यह यात्रा कलीतला काली मंदिर से आरंभ होकर पीएन मालिया रोड और स्कूल मोड़ से गुजरती हुई नागेश्वर बाबा मंदिर पहुंची। इस दौरान गेरुआ वस्त्र धारण किए 4 से 12 वर्ष तक की आयु के 70 बच्चे कंधों पर कांवड़ उठाए भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए, जो पूरे मार्ग में आकर्षण का मुख्य केंद्र बने रहे।



बाल कावड़ यात्रा में बच्चों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भी हिस्सा लिया। कांवड़ यात्रा जिन-जिन इलाकों से गुजरी, वहां दर्शन के लिए सड़कों के किनारे श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। हाथों में धार्मिक ध्वज लिए भक्तों द्वारा लगाए जा रहे 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। विभिन्न मार्गों की परिक्रमा के बाद नागेश्वर बाबा मंदिर पहुंचकर बच्चों और भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की।


आयोजन समिति के सदस्यों ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य हमारी भावी पीढ़ी को सनातन संस्कृति और धार्मिक संस्कारों से जोड़ना है। बच्चों में भक्ति और सेवा भाव जगाने के लिए 'छोटी यात्रा बड़ा संस्कार' का संकल्प लिया गया है, जिसे रानीगंज की जनता का अभूतपूर्व स्नेह और सहयोग मिला है। रानीगंज में प्रथम बार बाल कांवड़ यात्रा का आयोजन हुआ। इस मौके पर मारवाड़ी युवा मंच के शाखा अध्यक्ष प्रतीक मोर, सचिव अमित बजाज, सलाहकार राजेश जिंदल, श्याम जालान, दीपक गुप्ता, देवी शक्ति की चेयरपर्सन दीप्ति सराफ, को-चेयरपर्सन शिखा सराफ समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments