कुल्टी :- कुल्टी थाना क्षेत्र के चर्चित लच्छीपुर दिशा रेड लाइट इलाके में श्रद्धालुओं से लूटपाट और गाड़ी की चाबी छीनकर फरार होने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नियामतपुर फांड़ी की पुलिस ने मामले की गहन जांच करते हुए आरोपी बाबर खान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद रविवार को आसनसोल अदालत में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बीते मंगलवार की रात की है जब स्कॉर्पियो सवार चार लोग झारखंड स्थित प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। आरोप है कि जैसे ही उनकी गाड़ी लच्छीपुर दिशा इलाके के करीब पहुंची, कुछ असामाजिक तत्वों ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें डरा-धमकाकर दिशा इलाके में ले जाकर 10 हजार रुपये नकद ऐंठ लिए और ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए 20 हजार रुपये अतिरिक्त वसूल लिए।
पीड़ित जब किसी तरह वहां से निकलकर शिकायत दर्ज कराने नियामतपुर पुलिस फांड़ी की ओर बढ़ रहे थे, तभी आरोपियों ने उनका पीछा किया और उनकी स्कॉर्पियो की चाबी भी छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़ितों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक लावारिस बाइक भी जब्त की थी।मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस ने छापेमारी कर बाबर खान को धर दबोचा। पुलिस सूत्रों का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य अपराधियों के नेटवर्क का पर्दाफाश करने और पूरी साजिश की कड़ियों को जोड़ने के लिए आरोपी से पुलिस हिरासत में पूछताछ बेहद जरूरी है। पुलिस अदालत से आरोपी की कस्टडी की मांग कर रही है ताकि घटना में शामिल अन्य सहयोगियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके।



0 Comments