नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर विवादित टिप्पणी के विरोध में उतरे कांग्रेसी, थाने में प्रदर्शन

दुर्गापुर :- स्वतंत्रता संग्राम के महान महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस के खिलाफ राज्यसभा सांसद अनंत महाराज (नगेन्द्र राय) द्वारा कथित तौर पर आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस बयान के विरोध में दुर्गापुर 1 नंबर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कड़ा रुख अपनाते हुए जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। कांग्रेस का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों में अनंत महाराज द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर दिए गए बयानों से बंगाल, बंगालियों और पूरे देशवासियों की भावनाओं को गहरा आघात पहुंचा है। 


प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कार्यकर्ताओं ने दुर्गापुर थाने के समक्ष विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में एकत्र हुए दर्जनों कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने आरोपी सांसद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस प्रतिनिधियों ने इस मामले में थाने में लिखित प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई और सांसद की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि नेताजी जैसे राष्ट्रीय नायक का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments