दिसंबर में हो सकते हैं नगर निगम चुनाव, मंत्री अग्निमित्रा पाल ने दिए स्पष्ट संकेत

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में आगामी दिसंबर महीने में ही नगर निगम और नगरपालिका चुनाव कराए जा सकते हैं। इस बात का प्रबल संकेत राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने बांकुड़ा में आयोजित एक प्रशासनिक बैठक के दौरान दिया। बांकुड़ा जिला परिषद ऑडिटोरियम में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित थे। राज्य में 15 साल बाद हुए सत्ता परिवर्तन के बाद से ही कई नगर निगम और नगरपालिकाओं की व्यवस्था प्रभावित हुई थी और वर्तमान में वहां सरकारी प्रशासकों के जरिए कामकाज संचालित किया जा रहा है। इस तरह से देखा जाए तो दुर्गापुर नगर निगम का चुनाव भी दिसंबर में होने की पूरी संभावना है। क्योंकि दुर्गापुर नगर निगम बोर्ड का कार्यकाल समाप्त हुए लगभग 4 साल से ज्यादा समय बीत चुका है। आखरी बार वर्ष 2017 में दुर्गापुर नगर निगम का चुनाव हुआ था। इसके बाद तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने वर्ष 2022 में दुर्गापुर नगर निगम में प्रशासक की नियुक्ति कर दी थी। 

बैठक में शामिल होने पहुंचीं नगर विकास मंत्री के समक्ष स्थानीय निवासियों ने प्रशासकों के अधीन चल रही नगरपालिकाओं में आ रही नागरिक समस्याओं को प्रमुखता से रखा। मंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए स्पष्ट किया कि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण नागरिक सेवाएं प्रदान करना ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पूर्ववर्ती व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले कई दशकों से सुस्त पड़े विभागों को अब नए सिरे से खड़ा किया जा रहा है ताकि राज्य को विकास की नई दिशा दी जा सके।

दिसंबर में निकाय चुनाव कराने की मंत्री की घोषणा के बाद से ही राज्य के राजनीतिक गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आगामी त्यौहारों के सीजन के तुरंत बाद ही प्रदेश में चुनावी बिगुल बज जाएगा। सरकार का पूरा ध्यान फिलहाल यह सुनिश्चित करने पर है कि चुनाव होने तक प्रशासकों के माध्यम से भी आम जनता को किसी भी तरह की प्रशासनिक और नागरिक सुविधाओं की किल्लत न उठानी पड़े।

Post a Comment

0 Comments