मंत्री के निर्देश पर आसनसोल जिला अस्पताल का निरीक्षण

आसनसोल :- पश्चिम बंगाल की शहरी विकास और नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल के निर्देश पर बुधवार को आसनसोल जिला अस्पताल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अस्पताल में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और परिसर की साफ-सफाई समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया गया। निरीक्षण टीम ने अस्पताल की रसोई (किचन) का दौरा कर मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच की और यह सुनिश्चित किया कि मरीजों को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा तथा डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मियों का समुचित सहयोग मिल रहा है या नहीं।



इसके अलावा वार्डों, शौचालय की स्वच्छता, बेड कवर बदलने की स्थिति तथा पूरे अस्पताल परिसर की सफाई का निरीक्षण किया गया। टीम ने भर्ती मरीजों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट और डिप्टी सुपरिंटेंडेंट के साथ एक विस्तृत बैठक आयोजित की गई, जिसमें सामने आई समस्याओं के त्वरित समाधान और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने पर चर्चा हुई। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं देने का भरोसा दिया, वहीं टीम के सदस्यों ने मंत्री के मार्गदर्शन में इस जनसेवा कार्य से जुड़ने पर गर्व व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments