रानीगंज में BMS नेता के साथ मारपीट, BJP नेता ने आरोपों को बताया निराधार

रानीगंज :- ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के अमृत नगर कोलियरी इलाके में भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के शाखा सचिव और कोलियरी कर्मी गंगा दयाल सिंह के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। घटना में घायल बीएमएस नेता को इलाज के लिए रानीगंज ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है। 

घटना के संबंध में गंगा दयाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार को अमृत नगर कोलियरी के चानक के पास कुछ स्थानीय महिलाएं बिजली की समस्या को लेकर पहुंची थीं। उन्होंने महिलाओं को आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे पर एजेंट से बात करके समाधान निकालेंगे। आरोप है कि इसी दौरान नरेश सिंह नामक व्यक्ति वहां पहुंचा और उनके साथ बदसलूकी करते हुए जबरन भगाने लगा, जिससे दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गंगा दयाल सिंह का आरोप है कि जब वे खाना खाने जा रहे थे, तभी अमृत नगर मोड़ के पास नरेश सिंह ने अचानक उनका रास्ता रोक लिया और उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं। पीड़ित बीएमएस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर नरेश सिंह को स्थानीय भाजपा नेता संदीप गोप का संरक्षण प्राप्त है।


दूसरी ओर, भाजपा नेता संदीप गोप ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि मारपीट की इस घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है और उन्हें इस बारे में मीडिया के माध्यम से ही पता चला। संदीप गोप ने सफाई देते हुए कहा कि बिजली की समस्या को लेकर वे भी कोलियरी गए थे और एजेंट से बात करके मामला सुलझाने का प्रयास किया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी नेतृत्व यदि चाहे तो इस पूरे मामले की जांच करवा सकता है और जांच के बाद जो भी निर्णय लिया जाएगा, वे उसे सहर्ष स्वीकार करेंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Post a Comment

0 Comments