BMS नेताओं पर हमले से आक्रोश, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

कोलकाता :- भारतीय मजदूर संघ (BMS) की पश्चिम बंगाल प्रदेश समिति ने राज्य महासचिव देबाशीष भट्टाचार्य और हावड़ा जिला सचिव राणा प्रताप सिंह पर हुए हिंसक हमलों की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। कोलकाता के मानिकतला में बीएमएस की यह उच्च स्तरीय बैठक हुई। जिसमें एक दर्जन से ज्यादा प्रतिनिधि शामिल हुए। बीएमएस के प्रदेश अध्यक्ष उज्ज्वल मुखर्जी और ऑल इंडिया वर्किंग कमेटी के सदस्य जयनाथ चौबे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बीएमएस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में राज्य महासचिव देबाशीष भट्टाचार्य पर जानलेवा और नृशंस हमला किया गया था। इससे पहले 23 जुलाई 2026 को हावड़ा नगर निगम के पास जिला सचिव राणा प्रताप सिंह पर भी असामाजिक तत्वों द्वारा हमला किया गया था, जिस पर प्रशासन ने अब तक कोई उचित कार्रवाई नहीं की है।


BMS वरिष्ठ नेता जयनाथ चौबे ने उक्त घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि श्रमिक वर्ग के अधिकारों के लिए समर्पित नेताओं को इस तरह निशाना बनाना ट्रेड यूनियन अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। बीएमएस ने मांग की है कि दोनों घटनाओं के पीछे शामिल अपराधियों, साजिशकर्ताओं और मास्टरमाइंडों के खिलाफ बिना किसी राजनीतिक पक्षपात के सख्त कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए। साथ ही, मजदूर वर्ग के लिए निरंतर काम करने वाले ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जाए।

भारतीय मजदूर संघ के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष उज्ज्वल मुखर्जी ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस प्रशासन हमलावरों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई करने में विफल रहते हैं, तो बीएमएस पूरे राज्य में व्यापक, लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा। संगठन ने सभी नागरिक समाज के सदस्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं और श्रम संगठनों से हिंसा के इस कृत्य का विरोध करने और न्याय के समर्थन में एकजुट होने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments