Census 2027 के स्व-जनगणना में पश्चिम बंगाल देश में अव्वल, 53 लाख से अधिक परिवारों ने लिया भाग

कोलकाता :- जनगणना 2027 के तहत 'स्व-गणना' (Self Enumeration) प्रक्रिया में पश्चिम बंगाल ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है। 1 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई इस पहल के तहत राज्यभर में 53.13 लाख से अधिक परिवारों ने भाग लिया, जिसमें 93.84% की शानदार पूर्णता दर (Completion Rate) दर्ज की गई। 15 अगस्त तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, कुल 53,13,589 परिवारों में से 49,86,017 परिवारों ने प्रक्रिया को सफलता पूर्वक पूरा कर लिया है, जो देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सर्वाधिक है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर राज्य के नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग और जनगणना कार्य निदेशालय, पश्चिम बंगाल के समर्पित प्रयासों की सराहना की गई है। राज्य के सभी 23 जिलों में चलाए गए व्यापक जागरूकता अभियान के कारण यह सफलता संभव हो सकी, जिसमें मालदा और उत्तर 24 परगना जिले प्रदर्शन के मामले में सबसे आगे रहे। 15 अगस्त को स्व-गणना प्रक्रिया के सफल समापन के बाद राज्य सरकार ने नागरिकों की इस सक्रिय भागीदारी और नागरिक-केंद्रित पहल को बेहद प्रेरणादायक बताया है।

Post a Comment

0 Comments