कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के हेलीकॉप्टर में अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण मंगलवार को पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में उसकी आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। पायलट की त्वरित सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को मंगलवार को दमदम हवाई अड्डे से हवाई मार्ग द्वारा पश्चिम मेदिनीपुर के केशपुर और उसके बाद बांकुड़ा जाना था, जहाँ उनकी जनसभा और प्रशासनिक बैठकें तय थीं। कॉप्टर में उड़ान भरने से पहले ही कुछ तकनीकी समस्या देखी गई थी, जिसकी जाँच के बाद उन्हें केशपुर के लिए रवाना किया गया। हालाँकि, उड़ान के दौरान आसमान में दोबारा यांत्रिक खराबी महसूस होने पर पायलट ने बिना कोई जोखिम लिए कोलाघाट के पास हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई।
लैंडिंग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की। इसके बाद मुख्यमंत्री को सुरक्षित बाहर निकालकर सड़क मार्ग से केशपुर की सभा के लिए रवाना किया गया। फिलहाल तकनीकी विशेषज्ञों की टीम कोलाघाट में कॉप्टर की मरम्मत के काम में जुटी हुई है। समस्या ठीक होने पर मुख्यमंत्री कॉप्टर से ही वापसी करेंगे।



0 Comments