पश्चिम मेदिनीपुर :- पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को प्रभावित क्षेत्रों का हवाई दौरा किया। हेलीकॉप्टर से उन्होंने सबंग, भगवानपुर और पटाशपुर सहित विस्तृत बाढ़ग्रस्त इलाकों का निरीक्षण किया। दरअसल भारी बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने से यह तमाम इलाके बाढ़ की चपेट में है जिससे हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों को निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है। हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बाढ़ के कारण अकेले सबंग इलाके में करीब 3,200 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने आपदा से प्रभावित प्रत्येक परिवार को ₹30,000 की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के कई कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय विधायकों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि केलेघाई नदी का जलस्तर बढ़ गया था, जो अब नियंत्रण में है। उन्होंने क्षेत्र में जलभराव के बीच सर्पदंश का शिकार हुए 10 लोगों के सुरक्षित इलाज और उनके ठीक होने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने जलजमाव वाले इलाकों में तुरंत राशन सामग्री और पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। जिले के आपदा प्रबंधन पर नजर रखने के लिए मुख्यमंत्री ने राज्य के स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री राजेश महातो को पश्चिम मेदिनीपुर की बाढ़ स्थिति की निगरानी का विशेष प्रभार सौंपा है।



0 Comments