सिलीगुड़ी :- दो दिवसीय उत्तर बंगाल दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को एसएसबी (सीमा सुरक्षा बल) फ्रंटियर मुख्यालय के विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे। यह पहला मौका है जब शुभेंदु अधिकारी एसएसबी के इस आयोजन में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर बात की और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सराहना की। शाह ने कहा कि सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 560 एकड़ भूमि की आवश्यकता थी, लेकिन इतने वर्षों तक तत्कालीन ममता बनर्जी सरकार ने यह भूमि उपलब्ध नहीं कराई। उन्होंने कहा कि सत्ता में आते ही शुभेंदु अधिकारी ने इस भूमि हस्तांतरण को मंजूरी दे दी, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। इसके साथ ही अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पहले निमंत्रण भेजने के बावजूद वे सेना के आयोजनों में शामिल नहीं होती थीं।
एसएसबी के कार्यक्रम के बाद गृह मंत्री सिलीगुड़ी के कावाखाली मैदान पहुंचे, जहां वे 'भारतीय न्याय संहिता' (बीएनएस) प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी 26 अगस्त तक चलेगी, जिसके माध्यम से आम नागरिक भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और नई बीएनएस धाराओं के बदलावों को समझ सकेंगे। इसके पश्चात वे पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे और शनिवार को पर्वतीय क्षेत्र (पहाड़) की समस्याओं को लेकर दो महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होने के बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगे।



0 Comments