DAV Sports-2026 का समापन, जोन क्लस्टर एवं राज्य स्तरीय योग- हैंडबॉल चैंपियनशिप 517 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

रानीगंज :- रानीगंज लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल में 19 और 20 अगस्त को 'डीएवी स्पोर्ट्स 2026' के तहत पश्चिम बंगाल जोन क्लस्टर एवं राज्य स्तरीय योग और हैंडबॉल चैंपियनशिप का भव्य आयोजन हुआ। इस दो दिवसीय खेल महोत्सव में राज्यभर के विभिन्न डीएवी स्कूलों से 517 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। हैंडबॉल में 9 और योग प्रतियोगिता में 17 विद्यालयों की टीमों ने अपने खेल कौशल और अनुशासन का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, गायत्री मंत्र और डीएवी ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद खिलाड़ियों ने खेल भावना की शपथ ली।


आयोजन में मुख्य रूप से डीएवी बैरकपुर की प्रमुख जीता भट्टाचार्य, लायंस स्कूल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुशील गनेड़ीवाल, अभिभावक प्रतिनिधि सुनील कुमार सिंह और प्राचार्या मंदिरा दे मौजूद रहीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों को खेल के जरिए शारीरिक और मानसिक विकास के लिए प्रेरित किया।


प्रतियोगिता के परिणामों में हैंडबॉल अंडर-14 बालक वर्ग में डीएवी पाण्डेश्वर विजेता और मधुकुंडा उपविजेता रहा। बालिका अंडर-14 में रानीगंज विजेता व मधुकुंडा उपविजेता बनी। अंडर-17 बालक व बालिका वर्ग में मधुकुंडा की टीमों ने परचम लहराया। अंडर-19 में बालक व बालिका दोनों वर्गों में मेजबान रानीगंज डी.ए.वी. विजेता बना। वहीं योग प्रतियोगिता के अधिकांश वर्गों में डीएवी दुर्गापुर का दबदबा रहा। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में प्राचार्या द्वारा ध्वज अवतरण और राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता का समापन हुआ।

Post a Comment

0 Comments