आसनसोल :- भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के शहर आसनसोल में रक्षाबंधन के अवसर पर एक अनूठी और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई। आसनसोल के रवींद्र भवन में आयोजित विशेष रक्षाबंधन समारोह में ट्रांसजेंडर (बृहन्नला) समुदाय के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान पश्चिम बर्दवान के डीएम एस. पोन्नमबलम, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी और बाराबनी के विधायक अरिजीत राय विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों ने जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम, विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी और विधायक अरिजीत राय की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनका अभिनंदन किया। जाति, धर्म और लिंग के भेदभाव से परे हटकर आयोजित इस कार्यक्रम ने समाज में समानता, सम्मान और भाईचारे का एक सशक्त संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ट्रांसजेंडर समुदाय के इस कदम की सराहना की और सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।


0 Comments